Skip to main content

किसानों और जंगली जानवरों का लफड़ा क्या है

हिंदुस्तान टाइम्स से साभार 
 आज बच्चों के साथ बैठा नेशनल जियोग्राफिक चैनल देख रहा था।  भारत के पूर्वोत्तर के जंगलों पर सुन्दर वृत्तचित्र था वह।उत्तंग हिमालय से शुरू करके ब्रह्मपुत्र के विशाल फाट तक अचंभित कर देने वाले दृश्य। गोल्डन लंगूर, रेड पांडा, एशियाई काला भालू और न जाने क्या क्या।

 पर जैसे ही कहानी मनुष्य-जानवर द्वन्द पर उतरी, मुझे बड़ा दुःख हुआ। उसमें हाथियों के घटते रहवास को लेकर चिंता प्रकट की जा रही थी।  कहा जा रहा था के पूर्वोत्तर में जनसँख्या और खेती के लिए जमीन का लालच बढ़ रहा है। और इस लालच से हमारे हाथियों के लिए रहवास कम रह गया है।

क्या सच में किसानों का लालच हाथियों के घटते रहवास के लिए जिम्मेदार है?

इस बात को इस तरह से पेश किया जाता है जैसे यह कोई ब्रह्म-वाक्य हो, के भैया ! यही सच है.. जान लेयो। और बाकी सब  है मिथ्या। हमारी पहले से ही मूर्ख बनी मध्य-वर्गीय दुनिया को और मूर्ख बनाते रहने की साजिश है ये। मैं उत्तराखंड का रहने वाला हूँ। हमारे यहाँ भी जंगल थोक के भाव है।  वहां भी यही घिसी पिटी कहानी कई दशकों से लोग सुनाये जा रहे हैं। कर्मभूमि है मंडला, मध्य प्रदेश। तो यहां भी सेम राग है। के भैया, जे किसान, ट्राइबल सब लालची लोग हैं। इन्होने हमारे निरीह वन्य प्राणियों की जमीन उनसे छीन ली है।  कुछ लोगों का मत इसमें तटस्थ बनने की कोशिश में और खतरनाक हो जाता है।  जैसे, भई अब उनको भी तो अपना "लाइवलीहुड " चलाना है। उनको रोजगार की जरूरत है। अगर दे दोगे तो खेती नहीं करेंगे।  ध्यान से देखिये तो इसका क्या मतलब निकलता है? गाँव के लोगों को शहर का बेगार बना दो। जमीन पे कब्ज़ा करो, और उसे जंगल बना दो।  किसी तरह लोगों को जंगल से दूर रखो।

थोड़ा इतिहास पर गौर करें तो मनुष्य जानवर द्वन्द की असली वजहें सामने आएँगी। मसलन, हमें दिखाई देंगे, 19 वीं सदी में जंगल काटकर बनाये गए  चाय के बागान। देखने में बड़े सुन्दर लगते हैं। पर क्या हमने हाथी को कभी चाय के पत्ते खाते देखा है ? त्रिपुरा के खेतों में रबर की खेती कैसे पहुंची? आपने कभी रबर का पेड़ देखा है, एक दम हरा भरा रहता है। बहुत पानी चाहिए होता है उसे। किसी हाथी को उसे खाते देखा? अरुणाचल के प्लाईवुड उद्योग की कहानी मालूम है आपको? लाखों एकड़ जंगल का दोहन करके यह उद्योग बना था। कुछ समय पहले अरुणाचल में पेड़ काटने पर रोक के चलते इस उद्योग पर थोड़ा अंकुश लगा। क्या इन सब तथ्यों में मनुष्य-और आदमी की जंग का कारण नहीं ढूंढना चाहिए। जिसे देखो किसानों को उपदेश देने में लगा है।

 ये सच है कि जंगल साफ़ करके खेत बनाने की प्रवत्ति किसानों में बहुत पुरानी है। आदमी और जानवरों की लड़ाई भी बहुत पुरानी है। लेकिन इस सब में हम ये भूल जाते हैं कि बहुतायत भारतीय किसान अपने उत्पादन का अधिकतर हिस्सा घरेलू जरूरतों के लिए इस्तेमाल करते हैं। लेकिन औपनिवेशिक काल के ये उद्योग किसकी भूख को ध्यान में रख कर बनाये गए थे, क्या इसमें हमें कोई हिस्ट्री क्लास चाहिए? जिस औद्योगिक नीति से औपनिवेशिक काल में अंग्रेज़ों ने हमारे संसाधनों का शोषण किया, उसका असर अब तक ख़त्म होना तो दूर, बढ़ ही रहा है।

मान लीजिये आप एक वनवासी हैं, और सरकार आपके जंगल में ऐसा एक पेड़ लगा देती है, जिसका इस्तेमाल आपको पता ही नहीं। और एक नहीं, करोड़ों पेड़ लगा देती है। ऐसे में क्या होगा? आप जिस तरह से जंगल का इस्तेमाल करते थे, उसमें परिवर्तन आएगा।  200 सालों से हमारी सरकार यही  कर रही है। हमारे जंगलों को विदेशी मेहमानों से भर दिया गया है। सागौन, यूकेलिप्टस, चीड़, विलायती बबूल, सब विदेशी हैं। और देशी पौधों और पेड़ों से हमारे नए औपनिवेशिक साहबों को जबरदस्त परेशानी है। उनकी सबसे बड़ी परेशानी है कि इनका तो लोग इस्तेमाल करते हैं, तो इन्हें लगाने से प्लांटेशन का परिणाम अच्छा नहीं होगा। लोगों और जंगल के रिश्ते को कमज़ोर बनाना ऐसे लोगों का परम ध्येय है।

जब मंडला में 40 से 50 प्रतिशत वनभूमि पर सागौन होगा, जब हिमाचल और उत्तराखंड में 60 % भूमि पर चीड़ होगा, तो मवेशी कहाँ चरने जाएंगे? जब राजस्थान के शामलात और गुजरात के बन्नी चारागाह विलायती बबूल से भर जाएंगे, तो हमारे मवेशी चरने कहाँ जायेंगे। कैसे बहेंगी इस देश में दूध की नदियां ? कैसे मिलेगा, गरीब के बच्चे को पोषण? जिस देशी गाय के दूध की तासीर को लेके आज दुनिया भर में सरकार रिसर्च करा रही है, उसे ये नहीं दिखाई देता कि देशी गाय चरने कहाँ जाती थी, उसका चरोगन बचा है के नहीं? दूध की तासीर इस बात पर निर्भर है कि जिस चारे से दूध में वह तासीर आती है, वह अब गाय को मिल रहा है या नहीं। मिल रहा है क्या?

अब तो बचा कुचा जंगल भी लील लिए है विदेशी आक्रमणकारी। हैरान मत होइए, जिनके बारे में बात कर रहा हूँ, उनके लिए वैज्ञानिक शब्द भी कुछ ऐसा ही है- Invasive species यानी आक्रामक प्रजातियां। ये अपने आसपास किसी को पनपने नहीं देतीं और दूसरे पौधों को मार भी देती हैं। इन्हें शायद आप पहचानते भी होंगे। इसमें प्रमुख हैं लैंटाना, गाजर घास, ममरी, काला बासिंगा वगैरह। अब जो थोड़ा बहुत बचा है उसके लिए लड़ाई है।आपको हैरानी होगी, कि ये आक्रमणकारी हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को 6.37 लाख करोड़ रूपए का नुकसान करते हैं। क्या हुआ, आँखें अपने फर्मे से बाहर निकल आयीं?  आँखों के साथ साथ जबान बाहर लाने के लिए यह बता दूँ के ये आंकड़ा 2001 के अनुमान के अनुसार है, जोकि कहा गया है, कि काफी "कंज़र्वेटिव " है। ये आंकड़ा मेरा नहीं है। अंकिला हीरेमथ और सिद्धार्थ  का है। जानकारी के लिए पढ़िए-

India Knows Its Invasive Species Problem But This Is Why Nobody Can Deal With it Properly- Ankila hiremath and Siddhartha; thewire.in 


 और ऐसे में हम कहते हैं के किसान लालची हो गए हैं? हम आह भी लेते हैं तो हो जाते हैं बदनाम, वो क़त्ल भी करते हैं तो चर्चा नहीं होता।

अधिक जानकारी के लिए नीचे लिखी किताब भी पढ़ सकते हैं-

 Ecological imperialism - अल्फ्रेड क्रॉस्बी

एक किताब काफी है, ज्यादा किताब पढ़ने से किताबी हैजा होने का डर है। अपने आसपास देखिये, गाँव वालों से बात कीजिये, ज्यादा समझ में आएगा।



Comments

  1. जिसकी लाठी उसकी भैंस...
    सबको सब पता है फिर भी... सरकार सिर्फ देश बेचने के लिये बनाई जाती है... जरूरत है ईशान जी हमारे स्वराज की

    ReplyDelete
  2. उम्दा लेख, हमेशा की तरह।

    ReplyDelete
  3. इकॉलोगिकल इम्पेरिअलिस्म को याद दिलाने के लिए आपका धन्यवाद। मैं ये भी सोच रहा था कि कितने लोगों को इस प्रकार के औपनिवेशवाद के बारे में पता होगा । और मेरे खयाल से यही सही समय हैं , करने का , जो मेक्सिको बोलिविया और ब्राज़ील के सरकारों ने और समुदाय ने अपने जगलो को बचाने के लिए किया । पता नही वैसे अधिकार हम समुदाय को कब दे पाएंगे ।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

प्रेम की राजनीति

इस आलेख की विषयवस्तु 2011 में बनी हॉलीवुड फिल्म "पॉलिटिक्स ऑफ़ लव" नहीं है जिसकी कहानी एक डेमोक्रेट पार्टी समर्थक और एक रिपब्लिकन पार्टी समर्थक पुरुष और स्त्री के बीच प्रेम की गुंजाइश को तलाशती महसूस होती है।  मालूम हो कि भारतीय अभिनेत्री मल्लिका शेरावत ने उसमें एक अहम् किरदार निभाया था। मैं मई 2023 में मृणाल पण्डे जी के द वायर में छपे " Why We Need to Embrace a Politics of Love" नामक लेख के बारे में भी बात नहीं कर रहा जिसमें उन्होंने राहुल गाँधी द्वारा प्रधानमंत्री को संसद में गले लगाने के उपक्रम पर टिपण्णी की थी।  ये विचार जो मैं यहाँ बांटना चाहता हूँ वो हमारे चारों ओर बढ़ती हिंसा और उसके मेरे और मेरे आसपास के लोगों के  अंतर्मन पर लगातार पड़ने वाले असर का परिणाम है।  कोई दिन ऐसा बीतता नहीं जब कोई ऐसी बात न होती हो जिससे मन में तेज़ नफरत न फूटती हो।  पर क्या करें। कुछ न कर पाने की विवशता से निकला हुआ लेख है ये। एक व्यथित मन की किंकर्तव्यविमूढ़ता का अपराधबोध।   मुझे यकीन है कि जो मैं लिख रहा हूँ वह कोई मौलिक विचार नहीं है। मुझे तो अम्बेडकर के प्रसिद्द लेख "अन्निहिल

गायब होते जुगनू

फोटो इंडियन एक्सप्रेस से  आखिरी बार अपने जुगनू कब देखा था ?  अब ये न कहियेगा कि परवीन शाकिर की ग़ज़ल में देखा था।  "जुगनू को दिन के वक़्त परखने की ज़िद करें  बच्चे हमारे अहद के चालाक हो गए " बचपन में हमारे घरों में घुस जाते थे जुगनू। रात को बत्ती जाते ही दिखने शुरू हो जाते थे। दिप दिप उनकी रौशनी में कब वो वक़्त कट जाता था, पता  ही नहीं चलता था। मेरी उम्र के लोगों ने तो ज़रूर अपने बचपन में जुगनू देखे होंगे।  सैकड़ों, हज़ारों एक ही पेड़ पर। तब ज़िन्दगी में जुगनुओं की बड़ी जगह थी। बत्ती तो आती जाती रहती थी। पर जुगनू चमकते रहते थे। फिर कुछ लोग उन्हें देख कर कविता कहानी  लिखते थे और कुछ  बस उन्हें देखते थे। घंटों। फिर जैसे ही बत्ती आयी तो सारे बच्चे चिल्लाते थे "लाइट आ गयी... और सब घर के अंदर। कभी कभी कोई जुगनू घर के अंदर भी आ जाता था। वो उन कुछ कीड़ों में से थे  जिनसे बच्चे डरते नहीं थे। बल्कि खेलते थे।  मुझे नहीं लगता के मेरे बच्चे सहज भाव से जुगनू को कभी छू पाएंगे। उनकी उम्र के सभी बच्चे शायद जुगनुओं के झुण्ड को देखकर डर जाएं क्यूंकि उन्होंने तो ऐसा देखा ही न होगा अपने जीवन में। मेरी

89 का बचपन- पठान की आँखें

तस्वीर- ANI से मुरादाबाद के एक पीतलक के कारीगर की  बहुत खूबसूरत दिन था वो! आखिरी इम्तिहान का दिन! मैंने बड़ी मेहनत की थी। पूरे इम्तिहान के दौरान रात को 11 बजे सोता था, 5 बजे जागता था। पांचवी क्लास के बच्चे के लिए इतना बहुत था। सुबह सुबह उठ के सबक दोहराना, नहाना-धोना, भगवान के सामने माथा टेकना, और फिर स्कूल जाना। स्कूल बस  में भी किताब निकाल कर दोहराना बड़ा लगन का काम था।  इम्तिहान ख़त्म होने के बाद के बहुत से प्लान थे।  जैसे फटाफट, पास वाली दुकान से ढेर सारी कॉमिक्स किराए पर लानी थी। बुआ जी के घर जाकर बहनों के साथ खेलना था। वगैरह वगैरह। हसनपुर भी जाना था। मुरादाबाद में तो मैं अकेला था चाचा के पास। हालाँकि उस समय इम्तिहान की वजह से मम्मी पापा मुरादाबाद में ही थे। वहाँ के चामुंडा मंदिर और शिवालय की बहुत याद आती थी।  खैर! इम्तिहान देने के बाद स्कूल से ही छुट्टी का जलसा शुरू हो चुका था। सब बच्चों के चेहरों पर ऐसी ख़ुशी थी जैसे सब जेल से छूटे हों। आखिरी दिन पर फैज़ल, शहज़ाद, अमित और मैं अपने पेपर नहीं मिला रहे थे। बस, हम सब बहुत खुश थे। कूद रहे थे। एक दूसरे को छेड़ रहे थे।आया बी भी कुछ ज़्यादा ही छ